मिशन शक्ति हब द्वारा रानी दुर्गावती महाविद्यालय मरवाही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : महिला एवं बाल विकास विभाग से संबद्ध मिशन शक्ति हब द्वारा शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय मरवाही में गुरुवार को एचआईवी/एड्स एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के साथ ही महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। एचआईवी/एड्स विषय विशेषज्ञ सुश्री सवी साहू ने संक्रमण के कारण, माध्यम, बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी देते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील एवं भेदभाव रहित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।साइबर जागरूकता सत्र में एसआई श्री अमित साहू ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल एवं संदेश, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी की गोपनीयता के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने साइबर अपराध होने की स्थिति में त्वरित शिकायत की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रभारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध सहायता, परामर्श एवं संरक्षण सेवाओं तथा बाल संरक्षण अधिकारी ने बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विषय विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर सुरक्षा, महिला संरक्षण एवं बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
CG : एचआईवी-एड्स एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक …














Leave a Reply