धमतरी: जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेघा स्थित ‘माता रानी फ्यूल्स’ पेट्रोल पंप पर देर रात एक सनकी युवक ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने कर्मचारियों की खड़ी दो मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पेट्रोल पंप की डिस्पेंसिंग यूनिट के नोजल को माचिस से सुलगाने की भी कोशिश की। कर्मचारियों की तत्परता से एक बड़ा अग्निकांड टल गया। पूरी वारदात पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 11:30 बजे शुरू हुई। एक संदिग्ध युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज व विवाद करने लगा। कुछ देर हंगामा करने के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन करीब दो घंटे बाद रात 1:30 बजे वह खतरनाक मंसूबों के साथ दोबारा लौटा। पंप परिसर में घुसते ही युवक ने वहां खड़ी कर्मचारियों की दो बाइकों पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। देखते ही देखते दोनों गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं। इसके बाद आरोपी सीधे डिस्पेंसिंग यूनिट की तरफ बढ़ा और माचिस जलाकर नोजल में आग लगाने का प्रयास करने लगा। आग भड़कती देख पंप कर्मचारियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल उसे रोकने के लिए दौड़े। कर्मचारियों को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों की सजगता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था और पूरा पंप आग के गोले में तब्दील हो जाता। घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने मगरलोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर आरोपी की पहचान और तलाश में जुट गई है।














Leave a Reply