राजनांदगांव : साइकिल सवार दंपति को बाइक चालक ने मारी टक्कर, पति की मौत

राजनांदगांव : साइकिल सवार दंपति को बाइक चालक ने मारी टक्कर, पति की मौत

नेशनल हाईवे में राम दरबार चौक के पास बुधवार की रात हुई घटना, घायल से मिलने पहुंचे आरोपी की पिटाई

राजनांदगांव। साइकिल से अपने घर लौट रहे दंपति को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे में राम दरबार चौक के पास बुधवार की रात हुआ। पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गा राम रेड्डी और उनकी पत्नी राम दरबार चौक के आसपास मजदूरी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन की तरह दुर्गा राम रेड्डी बुधवार की रात अपनी पत्नी को लेने राम दरबार चौक की ओर गए थे। रात करीब 9 बजे वह पत्नी को लेकर साइकिल से रामनगर मोतीपुर की ओर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राम दरबार चौक के पास तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार दंपति गिर गए। दुर्गा राम रेड्डी के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उनकी पत्नी को मामूली चोट पहुंची। क्षेत्रवासियों की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान दुर्गा राम रेड्डी को मृत घोषित कर दिया गया।

घायल से मिलने पहुंचे आरोपी की पिटाई

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के जिम्मेदार मोटरसाइकिल चालक का नाम संजय कुमार कंवर, पिता दिलीप कुमार, उम्र 30 वर्ष, निवासी अंबागढ़ चौकी, जिला राजनांदगांव बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय कंवर की पत्नी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है। वह उससे मिलने अपने बेटे के साथ अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान राम दरबार चौक के पास रात करीब 9 बजे उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। बहरहाल, आरोपी मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

See also  CG : जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आयशा खान को मिला सम्मान, गौरव और उत्साह से खिल उठा चेहरा …

समय पर उपचार नहीं मिलने से गई बुजुर्ग की जान

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात लगभग 9 बजे सड़क दुर्घटना में घायल दुर्गा राम रेड्डी को अस्पताल ले जाया गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस समय घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां कोई विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद नहीं था। परिजनों का कहना है कि समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण दुर्गा राम रेड्डी की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यदि समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो शायद उनकी जान बच जाती।

साइकिल चालक संजय कंवर अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि दुर्घटना में मृतक दुर्गा राम रेड्डी के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

बुजुर्ग की मौत, आरोपी हिरासत में – डीएसपी

इस संबंध में डीएसपी क्राइम सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि शहर के राम दरबार चौक के पास हुई सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। इस संबंध में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *