मौत को सामने देख नहीं घबराई युवती, ट्रक का बंपर पकड़कर बची जिंदगी …

मौत को सामने देख नहीं घबराई युवती, ट्रक का बंपर पकड़कर बची जिंदगी …

महाराष्ट्र के श्रीरामपुर स्थित बेलापुर रोड पर रफ्तार के कहर का एक खौफनाक CCTV सामने आया है, जहां बालू से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार लड़की बाल-बाल बच गई. मौत को सामने देख युवती ने गजब की सूझबूझ का परिचय देते हुए सीधे ट्रक का बंपर पकड़ लिया, जिससे वह पहियों के नीचे कुचलने से बच गई. इस रूह कंपा देने वाले हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं.

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बेलापुर रोड के मोड़ पर बालू से भरा भारी ट्रक तेज रफ्तार में गुजर रहा था. उसी दौरान सामने से स्कूटी लेकर आ रही एक लड़की को ट्रक ने सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सड़क पर गिर गई और युवती सीधे ट्रक के अगले हिस्से की चपेट में आ गई. स्थिति अत्यंत गंभीर थी क्योंकि चालक ने तुरंत ब्रेक नहीं लगाया था. ऐसे जानलेवा पलों में भी युवती ने आपा नहीं खोया और फौरन ट्रक का अगला बंपर मजबूती से थाम लिया. नतीजा यह हुआ कि वह ट्रक के भारी-भरकम टायरों के नीचे आने से बच गई और चमत्कारिक रूप से उसकी जान बच गई.

हादसे के तुरंत बाद हिम्मत दिखाते हुए युवती खुद संभलकर खड़ी हुई और अपनी स्कूटी को किनारे करने लगी. इंसानियत को ताक पर रखते हुए ट्रक चालक ने घायल लड़की की मदद करने के बजाय नीचे उतरकर उल्टे उसी से बदसलूकी और तीखी बहस शुरू कर दी. हालांकि, जब आसपास के स्थानीय नागरिक और राहगीर दौड़कर लड़की की मदद के लिए पहुंचे, तो स्थिति बिगड़ती देख चालक मौके से भाग निकला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *