राजनांदगांव | नगर निगम, खाद्य औषधि व पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण और अवैध रूप से मांस-मटन बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। टीम ने नंदई रोड स्थित बिरयानी सेंटरों पर दबिश देकर घरेलू सिलेंडरों के उपयोग पर जब्ती की गई। वहीं महापौर मधुसूदन यादव ने नंदई वार्ड का निरीक्षण कर मटन मार्केट की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह महापौर मधुसूदन यादव, आयुक्त जीआर मरकाम व अफसरों के साथ नंदई पहुंचे। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी कि मटन मार्केट से निकलने वाले मीट अपशिष्ट को चील, गिद्ध और जानवर घरों के आसपास छोड़ देते हैं। इस पर महापौर ने अपशिष्ट को मौके पर ही जलाने के लिए इंसिनेरेटर सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
शाम में संयुक्त टीम ने नंदई रोड के बिरयानी सेंटरों पर लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा, सफाई और सिलेंडरों की जांच की। जांच के दौरान होटल में घरेलू सिलंेंडर का इस्तेमाल करते पाए जाने पर जब्ती कार्रवाई की गई। इसके अलावा अंसारी चिकन और अल जमजम बिरयानी सेंटर सहित अन्य दुकानों से खाद्य एवं औषधि विभाग ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और दस्तावेजों की जांच की।











Leave a Reply