मोहला : राज्योत्सव में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और बाल विवाह मुक्त समाज का दिया संदेश

 मोहला : राज्योत्सव में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और बाल विवाह मुक्त समाज का दिया संदेश

– बालिकाओं की शिक्षा, महिला आत्मनिर्भरता और सुरक्षित बचपन के प्रति जागरूकता पर दिया जोर

        मोहला,। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित राज्योत्सव 2026 की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विवाह उन्मूलन पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा एवं कलेक्टर तनुजा सलाम सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
        नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश दिया। नाटक के प्रभावशाली संवादों और दृश्यों के जरिए बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रस्तुत किया गया। साथ ही बालिकाओं की उच्च शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्हें सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
      प्रस्तुति के दौरान आपातकालीन चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई तथा बताया गया कि संकट की स्थिति में बच्चों को इस सेवा के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
        महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण, सुरक्षित बचपन तथा बाल विवाह मुक्त समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति और उसके संदेश की उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने सराहना की।

See also   मोहला : जिला स्तरीय राज्योत्सव में A-HELP पशुसखियों को मिला सम्मान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने प्रदान किए प्रमाण पत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *