मोहला : युवा रत्न सम्मान 2026-27 के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर की गई

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

– उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं को मिलेगा सम्मान, युवाओं को एक लाख और विशेष श्रेणी में 2.50 लाख रुपये तक की सम्मान राशि

     मोहला, । छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए युवा रत्न सम्मान हेतु आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 नवंबर 2026 कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं को प्रोत्साहित कर उनके सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों को सम्मानित करना है।
       युवा रत्न सम्मान के अंतर्गत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की नकद राशि, पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
      योजना के अंतर्गत विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान का भी प्रावधान है। इसके तहत विशिष्ट सेवा कार्य करने वाले चयनित युवा को व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली पात्र स्वैच्छिक संस्था अथवा संगठन को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि से सम्मानित किया जाएगा।
      योजना के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। निर्धारित पात्रता के अनुसार, आवेदक की आयु एक अप्रैल 2026 तक कम से कम 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा 31 मार्च 2026 को उसकी आयु 29 वर्ष से कम होनी चाहिए।
      इच्छुक युवा एवं पात्र स्वैच्छिक संस्थाएं निर्धारित आवेदन प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर प्रभारी जिला खेल अधिकारी, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के कलेक्टर कार्यालय स्थित कक्ष क्रमांक 13 में अब 15 नवंबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रारूप एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट  https://sportsyw.cg.gov.in  पर उपलब्ध है। जिला प्रशासन द्वारा पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं से बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।

See also  आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर तेजी से बढ़ रहा भारत : केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *