CG : दिवाली के दिन रायपुर में नहीं बिकेगा मांस-मटन; मेयर ने जारी किए सख्त निर्देश, होटलों पर भी रहेगी नजर …

CG : दिवाली के दिन रायपुर में नहीं बिकेगा मांस-मटन; मेयर ने जारी किए सख्त निर्देश, होटलों पर भी रहेगी नजर …

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस और रविवार, 8 नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। इस बीच रायपुर नगर निगम ने 8 नवंबर को शहर में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर लागू किया गया है। निर्धारित दिन नगर निगम क्षेत्र की सभी मांस-मटन दुकानें और पशुवध गृह बंद रहेंगे। होटलों में भी मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में यह फैसला लिया गया है। आदेश रविवार, 8 नवंबर को रायपुर नगर पालिक निगम के संपूर्ण क्षेत्र में लागू रहेगा। निगम प्रशासन ने मांस-मटन का कारोबार करने वाले व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से निर्धारित दिन प्रतिबंध का पालन करने को कहा है। सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश

महापौर मीनल चौबे ने भी प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधित दिन कोई मांस-मटन की दुकान न खुले और बिक्री न हो। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रतिबंधित दिन किसी होटल, दुकान या अन्य प्रतिष्ठान में मांस-मटन की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित सामग्री तत्काल जब्त की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित दिन अपने क्षेत्रों में निरीक्षण करेंगी।

See also  दीपावली पर बस्तर के परचनपाल की हस्तकला का जलवा

इस आदेश का असर मांस-मटन कारोबार से जुड़े दुकानदारों के साथ होटल संचालकों पर भी पड़ेगा। ऐसे में संबंधित व्यापारियों को पहले से अपनी कारोबारी व्यवस्थाएं तय करनी होंगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध केवल किसी एक बाजार या वार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे निगम क्षेत्र में लागू रहेगा। इधर, दीपावली और धनतेरस को लेकर राजधानी के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। सराफा, बर्तन, कपड़ा, ऑटोमोबाइल, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार से जुड़े व्यापारियों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है। त्योहारी ऑफर और आकर्षक योजनाओं के चलते ग्राहक खरीदारी में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

प्रमुख बाजारों में कारोबारी गतिविधियां तेज धनतेरस पर विशेष रूप से सोने-चांदी के आभूषण, नए वाहन, घरेलू उपकरण और बर्तनों की खरीदारी की परंपरा है। इसी के चलते राजधानी के प्रमुख बाजारों में कारोबारी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल नगर निगम ने नागरिकों और संबंधित व्यवसायियों से 8 नवंबर को जारी प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *