CG : युवा शक्ति ही विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करेगी : राज्यपाल डेका …

CG : युवा शक्ति ही विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करेगी : राज्यपाल डेका …

राज्यपाल ने वंदे मातरम राज्य युवा शिविर के प्रतिभागियों से किया संवाद

रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है। देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है और यही युवा शक्ति भारत को वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, मेहनत और नवाचार देश की प्रगति की दिशा तय करेंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि उससे समाज और राष्ट्र का हित हो।

राज्यपाल बुधवार को लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में मेरा युवा भारत (MY Bharat), रायपुर द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों से संवाद किया ।17 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा भाग ले रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के शिविर युवाओं को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव की भावना का प्रतीक है।

युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य , दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन भी जरूरी है। समय की पाबंदी सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं को टालमटोल की आदत से बचना चाहिए और आज के कार्य को आज ही पूरा करने की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए।

See also  CG : सड़क पर तेंदुआ दिखा तो थमे वाहनों के पहिए, गरियाबंद में राहगीरों ने बनाया वीडियो …

राज्यपाल ने युवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के लिए प्रेरित किया। गांवों में भी विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों में जाकर वहां की जरूरतों को समझना चाहिए और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा विकास के नए अवसर तलाशने चाहिए। गांवों को प्राथमिकता देकर किए गए प्रयास विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

बस्तर में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं शांति और विकास का वातावरण बनता है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त होने के बाद सुरक्षा की स्थिति बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है तथा यह क्षेत्र तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिन क्षेत्रों में पहले संचार और सूचना के साधनों की सुविधा नहीं थी, वहां अब रेडियो, टेलीविजन और मोबाइल नेटवर्क की पहुंच बढ़ रही है। मोबाइल टावर स्थापित हुए हैं और बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं।

राज्यपाल ने कृषि क्षेत्र में संभावनाओं की चर्चा करते हुए युवाओं से खेती को रोजगार और उद्यमिता के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि में आधुनिक तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। युवाओं को जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण तभी संभव है, जब युवा अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहते हुए कठोर परिश्रम करें और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझें।

See also  गौमाता भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग - राज्यपाल डेका

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें सफल जीवन के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

मेरा युवा भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित मेरा युवा भारत के अधिकारी, स्वयंसेवक तथा विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिभागी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *