खाटू वाले श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर संस्कारधानी भक्ति व आस्था से सराबोर है। श्री श्याम भरोसे परिवार की ओर से श्री हनुमान श्याम मंदिर, जीई रोड रायपुर नाका में 17 से 21 नवंबर तक पांच दिवसीय जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। महोत्सव के पहले तीन दिनों में मेहंदी उत्सव, सुंदरकांड पाठ, भव्य निशान यात्रा व भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
महोत्सव की शुरुआत 17 नवंबर को मेहंदी उत्सव से हुई, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाथों में श्याम नाम की मेहंदी रचाई तथा रात 8:10 बजे हनुमंत सेवक गणेश मिश्रा ने सुंदरकांड पाठ किया। बाबा के जन्मोत्सव को लेकर विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग व प्रसादी की व्यवस्था की गई है। भजन संध्या के सीधे प्रसारण से मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु भी घर बैठे आयोजन से जुड़ रहे हैं।
श्याम सेवक आदर्श दाधीच ने दी भजनों की प्रस्तुति: 19 नवंबर को कार्तिक शुक्ल दशमी पर कटिहार (बिहार) से आए श्याम सेवक आदर्श दाधीच के सुमधुर भजनों पर भक्त भावविभोर होकर झूमते रहे। इस दौरान श्री श्याम भरोसे परिवार युवा ब्रिगेड के निखिल मिश्रा, श्याम शर्मा, आयुष महोबिया, दीपक पटेल, अभिषेक सेन, शुभम खुराना, प्रियंक श्रीवास्तव, ईशान शर्मा व कपिल शर्मा मौजूद रहे।
रामाधीन मार्ग श्याम कुटी से निकली निशान यात्रा, नृत्य किया, लगाए जयकारे दूसरे दिन 18 नवंबर को रामाधीन मार्ग स्थित श्री श्याम कुटी से शाम 5:15 बजे भव्य निशान यात्रा निकली। इससे पहले गंगा आरती की तर्ज पर बाबा श्याम की महाआरती हुई। अलौकिक दर्शनीय झांकी के साथ मातृशक्ति, युवा शक्ति व मार्गदर्शक मंडल के सदस्य हाथों में धर्म ध्वजा (निशान) लहराते, भजनों पर नृत्य करते व जयकारे लगाते नगर के प्रमुख मार्गों से होकर श्री हनुमान श्याम मंदिर पहुंचे।














Leave a Reply