CG : कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रूपए की दी जाएगी आदान सहायता राशि …

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

दुर्ग । छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा खरीफ वर्ष 2026-27 से कृषक उन्नति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नवीन दिशा-निर्देश जारी किया गया है।

राज्य सरकार द्वारा कृषि में पर्याप्त निवेश सुनिश्चित करने, किसानों को कृषि लागत में राहत देने और उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से खरीफ 2023-24 से संचालित इस योजना को अब नए प्रावधानों के साथ लागू किया गया है। इस योजना के तहत, विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड द्वारा उपार्जित धान तथा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा उपार्जित धान बीज के बोये गए रकबे पर किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से एक समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और कॉमन ग्रेड धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (2,441 रुपये प्रति क्विंटल) के अंतर (659 रुपये) को अधिकतम उपार्जन सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से गुणा कर निर्धारित की गई है। यदि कोई किसान निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान भी विक्रय करता है, तब भी उसे उसके सत्यापित बोये गए रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूर्ण आदान सहायता राशि प्राप्त होगी।

उप संचालक कृषि से प्राप्त जानकारी अनुसार योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए कृषकों को खाद्य विभाग के पोर्टल बीज प्रमाणीकरण संस्था में पंजीयन होने के साथ-साथ एग्रीस्टैक में पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। किसानों द्वारा बोये गए रकबे की पुष्टि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से की जाएगी और जिन क्षेत्रों में डीसीएस डेटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे पर लाभ दिया जाएगा। पात्र किसानों को आदान सहायता राशि का भुगतान प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डी.बी.टी.) के माध्यम से सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में किया जाएगा।

See also  CG : बेकाबू बोलेरो का कहर, खड़ी कारों को मारी जोरदार टक्कर; CCTV में कैद हुई घटना…

कृषि विभाग द्वारा किसान भाइयों से अपील की है कि कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए उन्नत बीजों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं और समय पर अपना पंजीयन कर धान विक्रय करना सुनिश्चित करें एवं शासन की इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं। साथ ही खेत में उपलब्ध नमी का समुचित उपयोग करते हुए दलहन, तिलहन आदि फसलें लगायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *