CG : मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश …

CG : मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश …

आगामी 30 नवंबर को मुख्यमंत्री का सारंगढ़ जिला मुख्यालय में दौरा प्रस्तावित, प्रशासनिक तैयारियां तेज

सारंगढ़-बिलाईगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आगामी 30 नवंबर, सोमवार को सारंगढ़ जिला मुख्यालय में दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान स्थानीय खेल भाठा मैदान में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण एवं आमसभा का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने खेल भाठा मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य मंच निर्माण, अतिथियों एवं आम नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, पार्किंग स्थल, आवागमन मार्ग तथा सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित लगाए जाने वाले स्टॉल के लिए निर्धारित स्थलों का भी जायजा लिया गया।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

See also  बिलासपुर एयरपोर्ट अपग्रेडेशन के लिए 300 करोड़ देने से सरकार का इनकार, हाईकोर्ट सख्त

वहीं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वाहन पार्किंग एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम सारंगढ़ डी.एस. राजपूत, डिप्टी कलेक्टर विजय सिंह राणा, नगर पालिका सारंगढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एसडीओपी सारंगढ़, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *