’पद्मश्री शमशाद बेगम ने साझा किए जीवन संघर्ष और सामाजिक सेवा के अनुभव, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील’
धमतरी । संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत) धमतरी द्वारा बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता शमशाद बेगम ने अपने जीवन के संघर्षों और सामाजिक सेवा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके समय में महिलाओं को शिक्षा प्राप्त करने के लिए अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके बावजूद उन्होंने महिला कमांडो का गठन कर ग्रामीण महिलाओं में एकजुटता और जागरूकता लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। राष्ट्रीय साक्षरता मिशन के अंतर्गत उन्होंने अनेक महिलाओं को साक्षर बनाने में योगदान दिया। महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम, अनुविभागीय अधिकारी मुकेश बजाज, जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक तथा यूथ आइकॉन गुलाब सिंह वर्मा उपस्थित रहे। यूथ आइकॉन गुलाब सिंह वर्मा ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘विकसित भारत @2047’ की परिकल्पना पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत के पंच प्रण, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का जागरूक, जिम्मेदार और नशामुक्त होना आवश्यक है।
ज़्यादा जानें












Leave a Reply