राजनांदगांव , धान खरीदी शुरू होने के साथ अवैध धान के भंडारण, परिवहन पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को छुरिया की एक राइस मिल को सील किया गया।
वहीं जिले में एक ही दिन में अवैध धान के चार प्रकरण दर्ज कर 674 कट्टा (284.40 क्विंटल) धान और एक वाहन जब्त किया गया। इसमें बोरतलाव जांच नाके पर महाराष्ट्र से अवैध रूप से लाया जा रहा 183.40 क्विंटल धान भी शामिल है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने शिकायत के आधार पर छुरिया स्थित मेसर्स एआर राइस इंडस्ट्री का औचक निरीक्षण किया तो मिल बंद मिली। संचालक को जांच कराने निर्देश दिए, सहयोग नहीं मिलने पर अनियमितता की आशंका में मिल को आगामी आदेश तक सील किया गया है।
बोरतलाव में अवैध धान को पकड़ा: बोरतलाव नाके पर महाराष्ट्र से अवैध रूप से धान परिवहन करते वाहन को पकड़ा गया। इसमें 420 कट्टा (183.40 क्विंटल) धान जब्त किया गया।
इसी राइस मिल पर पिछले सीजन में भी बिचौलियों को अवैध रूप से धान बेचने पर कार्रवाई हुई थी। वर्ष 2025-26 में मिल ने उपार्जन केंद्रों से 27906.57 क्विंटल धान का उठाव किया था। इसके विरुद्ध 18772.07 क्विंटल चावल जमा करना था लेकिन अब तक 6691.80 क्विंटल जमा किया गया है। अभी 12080.27 क्विंटल चावल जमा करना शेष है। निर्धारित समय पर चावल जमा नहीं होने से कस्टम मिलिंग में लापरवाही सामने आई है।












Leave a Reply