अंबानी के घर के बाहर मिली संदिग्ध कार के मालिक की हुई पहचान, सीसीटीवी में नजर आया संदिग्ध

सार
मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली कार के मालिक की हुई पहचान
मुंबई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में कार पार्क करने वाले शख्स को देखा
मुंह पर मास्क लगे होने की वजह से शख्स की नहीं हुई पहचान

विस्तार
मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली संदिग्ध कार को लेकर पुलिस को बड़ा सुराग हाथ लगा है। मुंबई पुलिस ने कहा कि अंबानी के घर के बाहर जो कार खड़ी की गई थी, वो मुंबई के विकरोली इलाके से कुछ दिन पहले चुराई गई थी। गाड़ी का नंबर क्षतिग्रस्त था लेकिन कार के असली मालिक की पहचान कर ली है। 

मुंबई पुलिस ने जानकारी दी कि जिस शख्स ने मुकेश अंबानी के घर के बाहर कार खड़ी की थी, उसे सीसीटीवी फुटेज में देख लिया गया है। हालांकि शख्स ने मुंह पर मास्क लगाया हुआ था और हुड के ऊपरी हिस्से को अपने सिर पर डाल रखा था, जिस वजह से शख्स की पहचान ही नहीं हो पाई। 

‘कार में मिला जिलेटिन व्यावसायिक-ग्रेड जिलेटिन’
मुंबई पुलिस ने बताया कि हाल ही के दिनों में अंबानी परिवार को किसी तरह का कोई धमकी भरा पत्र नहीं मिला था। पुलिस ने बताया कि उन्होंने हर उस जगह से सीसीटीवी फुटेज को इकट्ठा कर लिया है, जहां से ये कार गुजरी होगी। पुलिस ने बताया कि कार में से जो जिलेटिन मिला है, वो सैन्य-ग्रेड जिलेटिन नहीं है बल्कि व्यावसायिक-ग्रेड है। 

व्यावसायिक ग्रेड (कमर्शियल-ग्रेड) जिलेटिन एक तरह से खुदाई करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। बता दें कि गुरुवार रात को मुकेश अंबानी के घर के बाहर संदिग्ध स्कॉर्पियो कार में 20 जिलेटिन छड़ें मिली थीं, जिसके बाद वहां पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *