दुर्ग। भारती विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा गोदग्राम कोनारी तथा पीसेगांव में विविध आयोजन किए गए। सर्वप्रथम गोद ग्राम कोनारी में पोषण आहार जागरूकता कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित किया गया। उक्त आयोजन में विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ स्नेह कुमार मेश्राम ने प्रोटीन, विटामिन तथा खनिज लवणों से भरपूर खाद्य पदार्थों की जो ग्रामीण स्तर के बच्चों की पहुंच में हो, के संबंध में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बच्चे सम्मिलित हुए। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा ग्रामीण बच्चों का शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए नि:शुल्क स्टेशनरी प्रदान की गई जिससे बच्चे हर्षित हुए। गोदग्राम ग्राम पंचायत कोनारी के पंचायत भवन में सरपंच श्री भरत लाल चंद्राकर के साथ ग्रामीण विकास के विभिन्न मुद्दों पर बैठक का आयोजन किया गया।

साथ ही भारती विश्वविद्यालय की शिक्षा भारती योजना जिसके अंतर्गत 10 आर्थिक रूप से अक्षम ग्रामीण युवाओं को विश्वविद्यालय द्वारा निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी के संबंध में माननीय सरपंच महोदय से विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। सरपंच ने उक्त योजना को आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं की उच्च शिक्षा हेतु संजीवनी की तरह लाभकारी बताया। गोदग्राम पीसेगांव के पंचायत भवन में विश्वविद्यालय द्वारा ग्रामीणों हेतु पोषण आहार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें ग्रामीणों को पोषण युक्त भोजन के बारे में जानकारी प्रदान की गई तथा हानिकारक खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई। कार्यक्रम से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हुए। उक्त कार्यक्रमों का आयोजन विश्वविद्यालय के गोद ग्राम संयोजक डॉ स्नेह कुमार मेश्राम तथा डॉ रोहित कुमार वर्मा द्वारा किया गया।
