पाकिस्तान की हरकतों ने छीन लिया लाल, बेटे का शव सीने से लगा तड़पती रही मां

नीलम घाटी में बीते दिन हुए भारी नुकसान से बौखलाए पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी बढ़ा दी है। रविवार को पाकिस्तान की ओर से कुपवाड़ा और पुंछ जिले में की गई भारी गोलाबारी से एक बच्चे और महिला समेत तीन नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। गोलाबारी में जान गंवाने वाले बच्चे के शव को सीने से लगाकर उसकी मां तड़प-तड़पकर रो रही थी। वह बार-बार कह रही थी कि अब मैं अपने बेटे के बिना कैसे जिंदा रहूंगी। आज यानी कि सोमवार को भी पूरे इलाके में मातम का माहौल है।उधर, सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान होने की खबर है। नीलम घाटी और डुडिनाल में पाकिस्तान की कई चौकियां तबाह हो गई हैं। कम से कम चार सैनिक मारे जाने और कुछ के घायल होने की खबर है। इसके साथ ही पीओके के निखियाल में आतंकी शिविर ध्वस्त हो गया, जिसमें दर्जनभर आतंकी और सैनिक मारे गए। निखियाल में कई आतंकी शिविर हैं, जिनमें जैश, लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के सैकड़ों आतंकी हैं। बताते हैं कि पाकिस्तान ने मारे गए आतंकियों का बदला लेने के लिए ही पुंछ के लगभग सौ किलोमीटर के दायरे में गोलाबारी की।पाकिस्तान की ओर से कुपवाड़ा जिले के केरन, करनाह, टंगधार और उड़ी में सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की गई। इसमें तुमना गांव के बशीर अहमद का आठ साल का बेटा जियान अहमद, चौकीबल का युवक जावेद अहमद खान (18) और चौकीबल की महिला शमीमा बेगम (36) की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *