कलेक्टर ने किया संयुक्त जिला कार्यालय का निरीक्षण
कार्यालय में अधिकारी एवं कर्मचारियों को अनुपस्थित देखकर नाराजगी जाहिर की
कलेक्टर की अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे अधिकारी

राजनांदगांव 07 जुलाई 2020। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कार्यालय उप संचालक पंचायत, कार्यालय उप संचालक पशुधन विकास, श्रम विभाग एवं समाज कल्याण विभाग का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एवं अन्य विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुपस्थित देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब सभी को अपने कार्य पर समय पर उपस्थित होना है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि अब कोरोना की वजह से कार्य पर अनुपस्थित होना ठीक नहीं हैं और यह बहाना नहीं चलेगा। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर समय पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी कलेक्टर की अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे। उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक, जिला प्रबंधक, प्रबंधक, डिस्पेचर, सहायक ग्रेड-1 के अनुपस्थित होने पर उनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, लेखा कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यालयों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सेनेटाईज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कार्यालय पंचायत विभाग में उप संचालक को सभी आवश्यक फाइल को संधारित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यालय में आवश्यक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम कार्यालय का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को समय पर उपस्थित होने की हिदायत दी। उन्होंने पशु चिकित्सा विकास विभाग में अधिकारियों-कर्मचारियों को नदारद देखकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने उप संचालक एवं पशु चिकित्सा सहायक शल्येज्ञ के कार्यालय में सक्षम अधिकारी के बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर रायपुर जाने पर नाराजगी जाहिर की और उनका एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी जब भी अवकाश में जाएं तो अवकाश का आवेदन देकर जाएं। उन्होंने विभाग में पदस्थ श्री देवांगन के आवेदन दिए बिना कार्य पर अनुपस्थित होने की वजह से उनका एक दिन का वेतन कटौती करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां उप संचालक श्री बीएल ठाकुर से वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली और उन्हें अपशिष्ट सामग्रियों की राईटअप कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नि:शक्तजन शाखा, स्टोर रूम, सामाजिक सुरक्षा पेंशन शाखा, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना शाखा का निरीक्षण किया।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *