CG : मितानिन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

महासमुंद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में मितानिन कार्यक्रम अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव के प्रशिक्षण कक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मैदानी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं समन्वयकों की क्षमता वृद्धि तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर संचालन हेतु आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम एवं गैर-संचारी रोगों से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।


कार्यशाला में विकासखंड तुमगांव, बागबाहरा एवं पिथौरा के ब्लॉक समन्वयक, स्वस्थ पंचायत समन्वयक, मितानिन प्रशिक्षक तथा मितानिन हेल्प डेस्क के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नवीन कार्यप्रणाली, सामुदायिक सहभागिता, रिपोर्टिंग व्यवस्था एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी  जानकारियां प्रदान की गईं।


कार्यशाला में मुख्य अतिथि डॉ. आई. नागेश्वर राव ने कहा कि मितानिन कार्यक्रम समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी, कुष्ठ तथा गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण में मैदानी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर समन्वय और सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साथ ही कार्यक्रमों की प्रगति, रिपोर्टिंग व्यवस्था एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी विकास चंद्राकर, आरएमएनसीएच सलाहकार अनुपम शर्मा, कुष्ठ सलाहकार एकेश्वर शुक्ला, टीबी सलाहकार उत्तम श्रीवास, जिला आयुष्मान सलाहकार पृथ्वी साहू सहित स्वास्थ्य मिशन के अधिकारी, विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *