CG : मतलोंगा-अलोरी मार्ग पर ईब नदी पर निर्माणाधीन पुल का काम 65 प्रतिशत पूर्ण, मार्च-2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

4.03 करोड़ की लागत से बन रहा पुल, नदी में ज्यादा पानी होने और अप्रैल-मई में डीजल की अनुपलब्धता के कारण काम प्रभावित

रायपुर, जशपुर जिले में मतलोंगा-अलोरी मार्ग पर ईब नदी पर 4.03 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन पुल का 65 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पुल का निर्माण अगले वर्ष मार्च तक पूरा हो जाएगा। राज्य शासन द्वारा पुल के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विभाग ने निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर 5 अगस्त 2025 को चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी किया था। अनुबंध के अनुसार पुल के निर्माण की निर्धारित पूर्णता तिथि 3 जुलाई 2026 थी।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान कार्यादेश जारी होने तथा ईब नदी की चौड़ाई कम होने के बावजूद जलस्तर के अधिक रहने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। इसके साथ ही इस वर्ष अप्रैल-मई माह में डीजल की अनुपलब्धता के कारण भी कार्य की गति प्रभावित हुई, जिसके कारण निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। 

वर्तमान में पुल का 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके दोनों एबटमेंट के साथ ही 5 में से 4 पियर का काम पूरा हो चुका है। एक पियर की नींव का कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार 6 में से 2 स्लैब का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पुल के साथ-साथ पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शेष निर्माण कार्य को गति देते हुए 31 मार्च 2027 तक पुल का निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस पुल के बन जाने से आसपास के कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।

See also  CG : मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना के लिए पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन 30 अगस्त तक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *