विधायक चंद्राकर एवं अशोक चंद्राकर को बहनों ने बांधी राखी
दुर्ग । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास की भावपूर्ण झलक देखने को मिली। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर एवं उनके बड़े भाई अशोक चंद्राकर की बहनों ने उन्हें राखी बांधकर सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। विधायक ललित चंद्राकर की बड़ी बहनों श्रीमती सरोज चंद्राकर एवं श्रीमती सुनंदा चंद्राकर ने भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान परिवार में आत्मीयता और उल्लास का वातावरण रहा। विधायक ललित चंद्राकर ने बहनों को उपहार भेंट कर उनके सम्मान एवं रक्षा का संकल्प दोहराया।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि बचपन की अनगिनत यादों, अपनापन और जीवनभर साथ निभाने वाले विश्वास का नाम है। राखी के पवित्र धागे के साथ बचपन की छोटी-छोटी नोकझोंक, रूठना-मनाना, साथ बिताए अनगिनत पल और सुख-दुःख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का अटूट विश्वास फिर से जीवंत हो उठता है।
उन्होंने कहा कि समय भले ही बदल जाए, लेकिन भाई-बहन के रिश्ते में समाया स्नेह और अपनापन कभी कम नहीं होता। विधायक ने अपनी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक चंद्राकर ने क्षेत्रवासियों को भी रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाई-बहन का प्रेम, विश्वास और सौहार्द समाज में आपसी एकता एवं सद्भाव को मजबूत करता है।














Leave a Reply