खैरागढ़ l साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर केसीजी पुलिस के साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह के दूसरे दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम हुए। स्मार्टफोन प्राइवेसी व सेफ ब्राउजिंग थीम पर महिला कॉलेजों व विभिन्न सामुदायिक समूहों के बीच पहुंचकर नागरिकों को मोबाइल की प्राइवेसी सेटिंग्स, मजबूत पासवर्ड, 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी दी।
लोगों को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने तथा संदिग्ध लिंक और वेबसाइट से दूरी रखने की समझाइश दी गई। पुलिस ने साइबर ठगी के प्रमुख तरीकों ओटीपी, केवाईसी अपडेट, फर्जी लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की। जागरूकता कार्यक्रमों में लोगों को स्पष्ट किया गया कि ओटीपी, पिन, सीवीवी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और आसपास के लोगों को भी डिजिटल ठगी के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।








Leave a Reply