युवा कांग्रेस नेताओं को बड़ा झटका
युवा कांग्रेस नेताओं को बड़ा झटका
जयपुर: राजस्थान युवा कांग्रेस में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए हुए चुनाव में इस बार प्रत्याशियों को बड़ा झटका लगा है. जहां इस बार रिकॉर्ड 32 लाख 64 हजार 980 वोट पड़े थे. हैरान करने वाली बात यह है कि चुनाव में 13 लाख से ज्यादा वोट खारिज कर दिए गए हैं. वहीं वैलिड दस्तावेजों के अभाव में 5 लाख से ज्यादा वोट होल्ड पर रखे गए हैं, जिन्हें दुरुस्त करवाने के लिए प्रत्याशियों को एक मौका और दिया गया है.
13 लाख 84 हजार मत खारिज: शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बारे में जानकारी देते हुए युवक कांग्रेस के चुनाव आयुक्त सज्जाद तारिक ने बताया कि इस बार युवा कांग्रेस चुनाव में 32 लाख 64 हजार मत पड़े थे. जिनमें से 13 लाख 66 हजार मत स्वीकार किए गए हैं. जबकि 13 लाख 84 हजार मत खारिज किए गए हैं. वहीं वैलिड दस्तावेजों के अभाव में 5 लाख 13 हजार मत होल्ड पर रखे गए हैं.

डिजिटल ऐप से जमा होंगे दस्तावेज: उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रत्याशियों को 13 से 19 सितंबर तक मौका दिया गया है कि वे अपने वैलिड दस्तावेज प्रस्तुत कर उनके पक्ष में पड़े वोट को दुरुस्त करवा सकते हैं, जिन्हें प्राधिकरण ने होल्ड पर रखा है. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के डिजिटल ऐप के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज जमा करा कर अपने वोट सही कर पाएंगे. दस्तावेजों की जांच के बाद भी अगर निर्धारित मानकों के अनुरूप वो सही पाए जाते हैं, तो उनके वोट को मान्यता दी जाएगी.
बड़ी संख्या में वोट हुए खारिज: इधर कांग्रेस गलियारों में चर्चा है कि जो वोट वैलिड पाए गए हैं. उससे ज्यादा वोट तो खारिज हो गए हैं. कुल 13 लाख 66 हजार 458 वोट सही पाए गए हैं जबकि 13 लाख 84 हजार 739 वोट खारिज किए गए हैं. जबकि 5 लाख 13 हजार 783 वोट होल्ड पर रखे गए हैं. दरअसल युवा कांग्रेस में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए फरवरी 2026 में चुनावी कवायद शुरू हुई थी. मार्च 2026 तक नामांकन प्रक्रिया चली और उसके बाद 21 अप्रैल से 20 मई तक वोट डाले गए थे.
7 दिन का समय सबसे अहम: वहीं प्रत्याशियों के लिए 7 दिन का समय सबसे अहम है. 13 सितंबर से 19 सितंबर तक प्रत्याशियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने मतों को दुरुस्त कराना होगा. इसके लिए उन्हें पर्याप्त दस्तावेज जमा करने होंगे, उसके बाद ही उनके वोट सही हो पाएंगे क्योंकि उसके बाद ही मतदान का सही आंकड़ा सामने आ पाएगा और प्रत्याशियों का परिणाम भी इस पर निर्भर करेगा.











Leave a Reply