CG : दुर्ग में यूट्यूबर पर महिला से मारपीट का आरोप …

CG : दुर्ग में यूट्यूबर पर महिला से मारपीट का आरोप …

दुर्ग-भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय के अंदर यूट्यूबर हनु नायक ने महिला से मारपीट की है। पीड़िता की 14-15 साल की बेटी नेहरू नगर चौक पर कारों के शीशे साफ करती मिली थी। कर्मचारियों ने बच्ची को संरक्षण में लेकर उसकी मां को कार्यालय बुलाया था। बच्ची के स्कूल नहीं जाने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद होने का आरोप है। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने यूट्यूबर हनु नायक पर महिला को थप्पड़ मारने, लात मारने, गाली-गलौज करने और गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

7 अक्टूबर की घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रबंधन ने थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है। ASP शोभराज अग्रवाल ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी। यह घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है पिछले दिनों यूट्यूबर हनु नायक ने भिक्षावृत्ति को लेकर कलेक्टर से शिकायत की थी। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मचारियों ने नेहरू नगर चौक का निरीक्षण किया। वहां करीब 14-15 साल की एक बच्ची सिग्नल पर खड़ी कारों के शीशे साफ करती मिली।

कर्मचारियों के मुताबिक, बच्ची को संरक्षण में लेकर कार्यालय लाया गया, ताकि नियमानुसार उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। बच्ची को अपनी मां गोलू बाई का मोबाइल नंबर याद था। कर्मचारियों ने मां से संपर्क कर उन्हें कार्यालय बुलाया। गोलू बाई उस समय अपनी दुकान लगाने निकली थी। फोन आने पर वह दुकान बंद कर आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंची। इसी दौरान बच्ची के स्कूल नहीं जाने को लेकर बातचीत हुई।

See also  रजिस्ट्री हुई और तुरंत हो गया नामांतरण, अजीत राम साहू को नहीं लगाने पड़े तहसील के चक्कर

चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू के मुताबिक, हनु नायक कार्यालय पहुंचे और अपना परिचय पत्रकार के रूप में दिया। उन्होंने परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल के बारे में पूछा। उस समय पटेल कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसके बाद हनु नायक ने ममता साहू के मोबाइल से चंद्रप्रकाश पटेल से बात की। बातचीत में चौक-चौराहों पर बच्चों की मौजूदगी और उन्हें शिक्षा से जोड़ने के बारे में चर्चा हुई। इसके बाद हनु नायक ने बच्ची की मां से पूछा कि वह बेटी को स्कूल भेजती है या नहीं।

गोलू बाई ने बताया कि बेटी को स्कूल भेजा जाता है, लेकिन वह स्कूल से भाग जाती है। ऐसे में ममता साहू ने गोलू बाई से कहा कि बेटी को स्कूल भेजने के लिए डांटना चाहिए। ऐसे में वह डंडा लेने बाहर चली गई। ममात साहू ने उसे कार्यालय में बच्ची को मारने से मना किया। इस दौरान हनु नायक और गोलू बाई के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि हनु ने गोलू बाई को गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और थप्पड़ मारा। जब ममता साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं, तब दरवाजे के पास हनु ने महिला को लात मारी और गाली-गलौज की। पीड़िता गोलू बाई ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ दुकान लगाने निकली थी। इस दौरान उसकी बेटी बिना बताए नेहरू नगर चौक की ओर चली गई। बाद में चाइल्ड हेल्पलाइन से फोन आया कि बच्ची उनके पास है और उसे लेने के लिए जरूरी दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंचना होगा। पीड़िता के मुताबिक, वह दुकान बंद कर आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंची थी। वहां बातचीत के दौरान हनु नायक आए और खुद को पत्रकार बताते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों को भी गांजा के मामले में फंसाने की धमकी दी। गोलू बाई ने बताया कि उसका परिवार चौक-चौराहों पर खिलौने बेचकर गुजारा करता है। वे भीख नहीं मांगते। मारपीट के बाद उसके पूरे शरीर में दर्द हो रहा है। उसने मामले में कार्रवाई की मांग की है। परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने बताया कि घटना के समय वह कार्यालय में मौजूद नहीं थे। कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने हनु नायक को फोन किया। चंद्रप्रकाश पटेल के मुताबिक, हनु नायक ने बताया कि उसने गोलू बाई को सड़क पर बच्ची को मारते देखा था और बीच-बचाव किया था। चंद्रप्रकाश पटेल ने उनसे कहा कि कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में घटनाक्रम दर्ज हुआ है, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उनका दावा है कि इसके करीब 1 घंटे बाद हनु नायक ने कलेक्टर को उनके खिलाफ लिखित शिकायत दी। इसमें एक महिला से 20 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया था। चंद्रप्रकाश पटेल ने इस आरोप को झूठा बताया। परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ वीडियो कुछ पत्रकारों को बयान देते समय बनाया गया था, जिसे बाद में प्रसारित किया गया। चंद्रप्रकाश पटेल ने आशंका जताई कि वीडियो भेजकर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। चंद्रप्रकाश पटेल के मुताबिक, घटना के दौरान उनके एक कर्मचारी ने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की थी। आरोप है कि हनु नायक ने झटके से मोबाइल छीन लिया और वीडियो डिलीट करने के बाद ही मोबाइल लौटाने की बात कही।

See also  CG : दुर्गा पंडाल और गरबा आयोजकों के लिए पुलिस ने जारी किए 10 बड़े निर्देश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *