राजनांदगांव , संस्कारधानी में विजयादशमी पर्व पर छत्तीसगढ़ जन महोत्सव समिति द्वारा 20 अक्टूबर को म्युनििसपल स्कूल मैदान में दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में 61 फीट ऊंचे रावण का दहन, मुंबई की एआई जनरेटेड कंप्यूटर तकनीक पर आधारित आतिशबाजी और गायिका स्वस्ति मेहुल जैन की संगीतमय प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय और मेयर मधुसूदन यादव सहित अन्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया वर्ष 2008 से प्रारंभ हुआ महोत्सव संस्कारधानी की प्रमुख सांस्कृतिक परंपरा बन चुका है। पिछले 18 वर्षों से समिति देश के प्रसिद्ध पार्श्व गायकों को आमंत्रित कर शहरवासियों को संगीत और मनोरंजन से जोड़ने का प्रयास कर रही है। जनता के स्नेह, सहयोग और समर्थन से यह आयोजन अब अपने 19वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। म्युनिसिपल स्कूल में चल रही तैयारी का पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया।
कांतारा फिल्म की तर्ज पर देव नृत्य करेंगे, भजन की देंगे प्रस्तुति राष्ट्रीय उत्सव समिति द्वारा स्टेट स्कूल मैदान में 20 अक्टूबर को करीब 51 फीट ऊंचे विशाल रावण पुतले का दहन किया जाएगा। मुंबई और ओडिशा की हाइटेक आतिशबाजी दर्शकों को रोमांचित करेगी। यहां दुर्ग से पहुंचे और लोकल कलाकार विशाल रावण पुतले का निर्माण कर रहे है। कांतारा फिल्म की तर्ज पर कलाकार देव नृत्य करेंगे, भजनों की प्रस्तुति होगी। निर्माण करने वाले बीएल सोनी ने बताया इस बार रावण पुतला विशेष होगा। दहन के दौरान इसमें होने वाली आतिशबाजी दर्शकों को रोमांचित करेगी।
श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी कौमी एकता दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक हफीज खान ने बताया यहां रामलीला का मंचन, भजन संध्या के साथ विशाल रावण पुतले का दहन होगा। हाइटेक आतिशबाजी की जाएगी। लखोली में युवा संगठन के अध्यक्ष फिरोज मेमन ने बताया इस 18वें वर्ष श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी और आतिशबाजी के साथ में 51 फीट के रावण पुतले का दहन होगा। लोक सांस्कृतिक संस्था लोक सुधा कवर्धा के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। शुभारंभ शाम 5 बजे मां शीतला मंदिर प्रांगण से होगा।














Leave a Reply