CG : सूरजपुर में दर्दनाक मंजर! एक साथ उठीं चार अर्थियां, रेण नदी में डूबने से दो परिवारों में मातम …

CG : सूरजपुर में दर्दनाक मंजर! एक साथ उठीं चार अर्थियां, रेण नदी में डूबने से दो परिवारों में मातम …

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रेण नदी में डूबने से चार लोगों की मौत की घटना ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बिश्रामपुर क्षेत्र के ढोघट घाट पर शनिवार सुबह स्नान करने गए पिता-पुत्र और दो सगे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को मृतकों के परिजन बिहार के कटिहार से सूरजपुर पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शवों को देखकर परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने चारों शव परिजनों को सौंप दिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। हादसे में विवेक कुमार सिंह (45), उनके पुत्र अभिजीत सिंह (20), गोपाल कृष्ण (13) और कृष्ण गोपाल (14) की जान चली गई। गोपाल कृष्ण और कृष्ण गोपाल सगे भाई थे। दोनों के पिता जितेंद्र सिंह सेना के पूर्व जवान बताए गए हैं।

रेण नदी के ढोघट घाट पर हुआ हादसा हादसा शनिवार सुबह सरस्वतीपुर के कोन्हाखार के पास रेण नदी के ढोघट घाट पर हुआ। विवेक कुमार सिंह अपने पुत्र अभिजीत और रिश्तेदार के दो बच्चों के साथ नदी में स्नान करने पहुंचे थे।चारों नदी में नहाने उतरे, लेकिन इसी दौरान गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई अधिक होने के कारण चारों डूब गए। एक ही घटना में पिता-पुत्र और दो सगे भाइयों की मौत ने दोनों परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया।

दशहरा मनाने बिहार से आए थे रिश्तेदार जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर क्षेत्र के चंदरपुर में नेहा सिंह ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। वह अपने पुत्र अभिजीत सिंह के साथ यहीं रहती हैं। दशहरा का त्योहार मनाने के लिए उनके पति विवेक कुमार सिंह, नेहा के माता-पिता और उनकी बहन के दोनों बेटे बिहार के कटिहार जिले से सूरजपुर आए थे। परिवार के सदस्य त्योहार के अवसर पर एक साथ समय बिताने पहुंचे थे, लेकिन शनिवार को हुई दुर्घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार के सदस्यों को शनिवार को ही बिहार वापस लौटना था। इससे पहले विवेक कुमार सिंह स्कूटी से पंपापुर स्थित महामाया मंदिर गए थे। मंदिर जाने के बाद उन्होंने अपने पुत्र अभिजीत और साढ़ू जितेंद्र सिंह के दोनों बेटों को कोन्हाखार स्थित रेण नदी घाट पर बुलाया। इसके बाद चारों नदी में स्नान करने पहुंचे। लेकिन स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से चारों डूब गए और उनकी मौत हो गई।

See also  ’बस्तर के किसानों एवं ग्रामीणों की आय संवृद्धि के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग जरूरी-कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल परदेशी’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर जिले में रेण नदी में डूबने से चार लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक घटना पर संवेदना जताई। एक ही हादसे में चार लोगों की मौत ने पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *