डोंगरगांव , नगर के सेवतापारा-जामसरार रोड पर ग्राम पटेल शेखर यादव के घर के आसपास पास एक किशोर पर नुकीली वस्तु से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 25 अक्टूबर की रात 7 बजे की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेवतापारा निवासी किशोर पुराना बस स्टैंड से मोमोस खाकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान काले रंग की मोटर साइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने ग्राम पटेल के घर के आस पास उसे रोक लिया।
आरोप है कि पीछे बैठे व्यक्ति ने नुकीली वस्तु से किशोर की बाईं कोहनी पर वार किया और उसे शिकायत करने की बात को लेकर धमकाया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। किशोर ने घर पहुंचकर अपने पिता ओमप्रकाश को घटना की जानकारी दी और बाद में परिजनों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे। घटना स्थल के आसपास अवैध कारोबार की शिकायत मिली है। इसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










Leave a Reply