CG : समाजसेवी अजय पप्पू मोटवानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भेजा प्रशंसा पत्र, आभार जताया …

CG : समाजसेवी अजय पप्पू मोटवानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भेजा प्रशंसा पत्र, आभार जताया …

उत्तर बस्तर कांकेर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कांकेर के समाजसेवी अजय पप्पू मोटवानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्तिगत पत्र भेजकर उनके सेवा कार्यों की सराहना की है। पत्र मिलने पर मोटवानी ने मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि अपनी दुकान की जिम्मेदारियों के साथ शहर की स्वच्छता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए वर्षों से समय निकालने की उनकी लगन सराहनीय है। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

पत्र में उल्लेख है कि मोटवानी पिछले 13 वर्षों से दूध नदी की सफाई के प्रयास कर रहे हैं। दूध नदी और गढ़िया पहाड़ से जुड़े उनके इस लगाव को जानकर मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता जताई। नदी और तालाबों की सफाई, पौधारोपण तथा पौधा वितरण में उनके योगदान को मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने उनकी संवेदनशीलता की भी प्रशंसा की। मोटवानी अब तक 164 लावारिस मृतकों को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दे चुके हैं। इस सेवा के प्रति मुख्यमंत्री ने हृदय से सम्मान व्यक्त किया। पत्र में बीसोबाई का भी जिक्र है। आँखों की परेशानी के समय मोटवानी की आर्थिक मदद और ऑपरेशन कराने में सहयोग से वे दोबारा काम करने लगी हैं। मुख्यमंत्री ने इस पर खुशी जताई। साथ ही आजीवन सेवा से जुड़े रहने और इन कार्यों के लिए किसी से चंदा न लेने के उनके संकल्प का भी सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि मोटवानी कांकेर को स्वच्छ और सुंदर देखने के साथ यहाँ रोजगार और विकास के बेहतर अवसर चाहते हैं। उनकी भी यही कामना है कि कांकेर की प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे और परिवारों में खुशहाली बढ़े। उन्होंने कहा कि विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प में हर अंचल की तरक्की और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण साथ-साथ जुड़े हैं। पत्र प्राप्त होने पर अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह पत्र उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी समर्पण से समाज सेवा करते रहेंगे।

See also  CG : पूर्व सरपंच के भाई ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पेड़ पर लटकी मिली लाश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *