CG : रबी फसलों की बुवाई के लिए खेतों की नमी का उठाएं लाभ …

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए जिले में शुरू हुए 22 उपार्जन केंद्र

बालोद । जिले में रबी मौसम 2026-27 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। खरीफ फसल की कटाई के बाद खेतों में बनी पर्याप्त नमी रबी फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा किसानों को इस अनुकूल परिस्थिति का लाभ उठाकर गेहूं, चना, तिवड़ा, सरसों और मक्का सहित अन्य रबी फसलों की बुवाई के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए जिले की सेवा सहकारी समितियों में विभिन्न फसलों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

27 सेवा सहकारी समितियों में बीजों का भंडारण

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के पांचों विकासखंड बालोद, गुरुर, डौण्डी, डौण्डीलोहारा और गुण्डरदेही की कुल 27 सेवा सहकारी समितियों में अब तक विभिन्न रबी फसलों के बीजों का भंडारण किया जा चुका है। इसमें गेहूं 84 क्विंटल, चना 32 क्विंटल, तिवड़ा 79 क्विंटल, कुसुम 21.52 क्विंटल और सरसों 80 क्विंटल शामिल हैं। समितियों में बीजों का भंडारण लगातार जारी है। लाटाबोड़, बेलमाण्ड, सांकरा, गुरुर, डौण्डी, भंवरमरा, रेंगाडबरी, मंगचुवा और गुण्डरदेही सहित विभिन्न सेवा सहकारी समितियों में किसानों के लिए बीज उपलब्ध कराए गए हैं।

फसल चक्र अपनाएं, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं

कृषि विभाग ने किसानों से लगातार धान की खेती करने के बजाय फसल चक्र अपनाने की अपील की है। धान कटाई के बाद खेतों में बची नमी का उपयोग कर चना, मसूर, मटर और तिवड़ा जैसी दलहनी फसलों के साथ सरसों, अलसी और कुसुम जैसी तिलहनी फसलों की खेती करने की सलाह दी गई है। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में मदद मिलती है तथा सिंचाई के पानी की बचत भी होती है। साथ ही किसानों को कम लागत में अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

See also  जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

’पीएम-आशा योजना’ के तहत समर्थन मूल्य पर होगी खरीदी

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ’पीएम-आशा योजना’ के अंतर्गत रबी की अधिसूचित फसलों जैसे चना, मसूर और सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। इसके लिए जिले में 22 उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ कर दिए गए हैं।

जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति से उन्नत किस्म के बीज प्राप्त कर समय पर रबी फसलों की बुवाई करें। साथ ही फसल विविधीकरण को अपनाकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी आय बढ़ाने के साथ ही भूमि की उपजाऊ शक्ति एवं जल संसाधनों के संरक्षण में भी सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *