राजनांदगांव , किसान यदि समर्थन मूल्य पर कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत बोए गए रकबे के अनुसार आदान सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। योजना के निर्धारित प्रावधानों और पात्रता के अनुसार प्रति एकड़ समान रूप से सहायता दी जाएगी। यह जानकारी कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने ग्राम जंगलेशर में आयोजित कृषक चौपाल में किसानों को दी। उन्होंने कहा कि किसानों को पूरी उपज धान के रूप में बेचने की अनिवार्यता के बजाय फसल विविधीकरण और कम पानी वाली लाभकारी फसलों की खेती पर भी ध्यान देना चाहिए।
कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि लगातार धान की खेती करने से पानी की खपत बढ़ती है और जमीन की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। ऐसे में मक्का, चना, गेहूं सहित दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी फसलों को फसल चक्र में शामिल करना जरूरी है। इससे खेती की लागत कम करने, जल संरक्षण और आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य देवकुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, कोमल सिंह राजपूत, एसडीएम गौतम पाटिल, जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी, उप संचालक कृषि टीकम ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।









Leave a Reply