बिलासपुर : दीये से दुकान में लगी आग

सिविल लाइन क्षेत्र के बाबजी पार्क स्थित दो मंजिला दुकान में गुरुवार की रात भीषण आग लग गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। तब तक दुकान के फर्नीचर और एक एक्टिवा जलकर राख हो गए थे। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि दुकान संचालक पूजा के बाद दीया जलाकर घर गए थे। दीये से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

नेहरू नगर में रहने वाले प्रदीप सिंह परिहार व्यवसायी हैं। रिंग रोड स्थित बाबजी पार्क के पास उनकी मां नर्मदे इंटरप्राइजेस के नाम से दुकान है। दूसरी मंजिल पर बोरवेल्स कंपनी का आफिस है। गुरुवार की रात आठ बजे के करीब प्रदीप सिंह और उनके कर्मचारियों ने पूजा की। इसके बाद दीया जलाकर अपने घर चले गए। उनके जाने के कुछ ही देर बाद किसी ने दुकान से धुआं निकलते देखा। इसकी जानकारी दुकान संचालक को दी गई।

 दुकान संचालक और कर्मचारी जब तक वहां पहुंचते आग भड़क उठी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया। तब तक दुकान में रखे फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए थे। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर एक एक्टिवा भी थी। वह भी आग की चपेट में आकर जल चुकी है।

कांच फूटने से लोग आए दहशत में दुकान में आग लगने की सूचना पर संचालक और कर्मचारी पहुंच गए। वहीं, आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर पहुंच गई। आग भड़कने के बाद दुकान के अंदर लगे कांच और अन्य सामान गर्म होकर फूटने लगे। साथ ही बिजली के तारों में शार्ट सर्किट होने लगे। इससे लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने तत्काल ही बिजली विभाग को आग की सूचना देकर बिजली बंद कराई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाना शुरू किया।

See also  CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का असर, अगले 5 दिन बारिश के आसार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *