लगातार कम हो रही ठिठुरन, एक हफ्ते बाद फ‍िर करवट लेगा मौसम

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। साथ ही हवा का रुख भी पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हो गया है। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इससे फिलहाल ठंड से राहत मिल गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी रात में गुलाबी ठंड बरकरार रहेगी, लेकिन दिन में धूप में तल्खी बढ़ने लगेगी। उधर 16 फरवरी से राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में पुन: बादल घिर सकते हैं। बारिश होने की भी संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन सोमवार के न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में चार डिग्री सेल्सियस और मलाजखंड में छह डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मलाजखंड और खंडवा में शीतलहर चली।

मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने से अभी मौसम शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहने से धूप में तल्खी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगेंगे। वर्तमान में हवा का रुख भी बदलकर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हो गया है। इस वजह से भी तापमान बढ़ने लगा है। 14-15 फरवरी को बंगाल की खाड़ी से कुछ नमी आने की संभावना है। इससे 16 फरवरी से मप्र में मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। बादल छाने लगेंगे और राजधानी सहित प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाके में बरसात भी हो सकती है। बारिश का सिलसिला 19 फरवरी तक चलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *