एम्स में गार्ड की नौकरी लगवाने के नाम से ठगी, दो गिरफ्तार

भोपाल । निशातपुरा थाना पुलिस ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भोपाल में गार्ड के पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से पांच लाख 45 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।

एसपी (नॉर्थ जोन) विजय खत्री ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक मुखबिर के जरिए यह पता चला था कि करोंद स्थित शांति नगर में दो व्यक्ति एम्स में गार्ड की नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से 25-25 हजार रुपये ले रहे हैं। सूचना की तस्दीक करने के बाद निशातपुरा थाने की टीम ने बताए गए स्थान पर निगरानी रखनी शुरू कर दी। इस दौरान पता चला कि राजाराम यादव एवं कन्हैयालाल कुशवाहा आइएसएचए सिक्योरिटी कंपनी में गार्ड की नौकरी लगवाने के नाम से लोगों से आवेदन फॉर्म भरवा रहे हैं। इतना ही नहीं, हरेक व्यक्ति से 25 हजार रुपये भी ले रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया।तलाशी में शांति नगर निवासी राजाराम यादव (42) के पास से दो लाख 90 हजार रुपये, आवेदन फॉर्म, एटीएम कार्ड और तीन बैंक पासबुक मिलीं। वहीं साकेत नगर निवासी कन्हैयालाल कुशवाहा (37) के पास दो लाख 55 हजार रुपये नकद और आवेदन पत्र बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपितों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाया जा रहा है कि वे अभी तक कितने लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर कुल कितने रुपए हड़प चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *