CG : ई-जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष आवेदकों ने रखी अपनी मांग और समस्याएं

आज आयोजित कलेक्टर ई-जनदर्शन में जिले के आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला से मुलाकात की। प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियें को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।

एनआईसी कक्ष में आज सुबह 11 बजे से आयोजित ई-जनदर्शन में विकासखण्ड पखांजूर के ग्राम नवीनपल्ली के ग्रामीणों ने नवीन राजस्व ग्राम की अधिसूचना व राजपत्र के प्रकाशन में प्रगति लाने की मांग की। इसी तरह ग्राम माकड़ीखूना निवासी श्री रघुनाथ नरेटी ने जमीन विवाद का निराकरण करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम कांकेर को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। स्थानीय जनकपुर वार्ड के पार्षद श्री नरेश बिछिया ने आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। इसके अलावा टिकरापारा कांकेर निवासी नीरज पाण्डेय ने आर्थिक सहायता प्रदाय करने एवं आवास की मांग की। कंकालीनपारा वार्ड के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बीएलओ कार्य हेतु उन्हें अवसर प्रदान करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने आवेदन पर आवश्यक कार्यवाही करने टीप लिखकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी को अग्रेषित किया। आवेदक श्री मुकेश कोसरे, प्रीतम मंडावी और काशीराम सिन्हा ने विश्राम गृह चारामा में अस्थाई/अकुशल श्रमिकों को यथावत रखे जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व संबंधित अधिकारी द्वारा मौखिक आदेश पर उन्हें उक्त कार्य से हटा दिया गया है। कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही के लिए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को आवेदन अग्रेषित किया।

इसी प्रकार पखांजूर के लक्ष्मीपुर पी.व्ही. 73 के आवेदक प्राणतोष सरकार ने अपनी निजी भूमि पर 200 नग लाल चंदन के वृक्ष रोपने हेतु शासन से अनुदान राशि की मांग की। गोविन्दपुर वार्ड की मिथिला राठौर ने पटवारी द्वारा गलत नक्शा तैयार करने की शिकायत करते हुए इसमें सुधार करने की मांग की। कांकेर के ग्राम रावस के शासकीय हाई स्कूल से सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री छबिलाल जैन ने जीपीएफ एवं वेतन निर्धारण की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने प्रकरण का परीक्षण कराने जिला कोषालय अधिकारी को आवेदन पर टीप लिखकर अग्रेषित किया। स्थानीय भंडारीपारा के आवेदक श्री बेनूराम पटेल ने मकान की क्षतिपूर्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम धौंराभाठा निवासी श्रीमती छबिला नेताम ने आरबीसी 6-4 के तहत सहायता राशि स्वीकृत करने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके पति के मृत्यु करंट की चपेट में आने से हो गई थी। पति के मृत्यु के उपरांत परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है। इस पर कलेक्टर ने नियमानुसार प्रकरण का परीक्षण कर आगे की कार्यवाही करने तहसीलदार नरहरपुर को निर्देशित किया। नरहरपुर के वार्ड क्रमांक-14 की आवेदिका कुमारी अंजली नेताम, लालिमा नेताम और हर्ष नेताम ने पिता का वेतन विभाजन कर प्रतिमाह राशि दिलाने की मांग की। नरहरपुर के ही वार्ड क्रमांक-12 निवासी श्रीमती शांति नेताम ने पैतृक संपत्ति का हिस्सा दिलाने की मांग की।

See also  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को दी 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

इसके अलावा पखांजूर के ग्राम पंचायत पुरूषोत्तमनगर पी.व्ही. 40 की श्रीमती अपर्णा गोलदार ने पति की मृत्यु उपरांत अनुकंपा नियुक्ति की मांग की। इस पर कलेक्टर ने उक्त प्रकरण मध्यप्रदेश सिवनी जिले से संबंधित होने की बात बताते हुए आवेदन संबंधित जिले से करने की सलाह दी। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के मांगों एवं समस्याओं को लेकर जिले के आवेदकों ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। ई-जनदर्शन में एसडीएम कांकेर श्री मनीष साहू सहित विभिन्न विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *