यहां भी बेचने की थी तैयारी, मगर चतुराई काम नहीं आई; महिला समेत 4 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा पुलिस ने नकली सोना को असली बताकर सोने-चांदी की दुकान में बेचने या फिर बदले में दूसरे गहने लेकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और ओडिशा के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। जिन्होंने दिल्ली के बाजार से नकली सोना खरीदा था और उसमें हॉलमार्क का टैग लगाकर जिले के एक सराफा व्यापारी को बेचने की कोशिश की थी। लेकिन, इनकी चतुराई काम नहीं आई और ये पकड़े गए। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, गीदम के नए बस स्टैंड में स्थित सराफा व्यापारी ईश्वर लाल सोनी की दुकान पर महिला समेत 2 लोग आए थे। जिन्होंने अपने पास से सोने की चेन, कंगन, ब्रेसलेट समेत अन्य गहने बदलवाने के दिए। इसे देकर इसकी जगह पर दूसरा सोने का आभूषण लेने की बात की। वहीं व्यापारी को गहने में लगे हॉलमार्क का टैग और GST बिल भी दिखाया। जिसके बाद सराफा व्यापारी ने सोना लेने से पहले उसे चेक करने की बात कही। लेकिन, दोनों लोग सोना चेक करवाने से मना करते रहे। इस पर व्यापारी को शक हुआ। उन्होंने इसकी खबर पुलिस को दी।

गिरोह में कुल 4 लोग थे
मौके पर पहुंचे गीदम थाना के जवानों ने दोनों से पूछताछ की। जिन्होंने अपना नाम संतराम साहू और छाया साहू बताया। ये दोनों ओडिशा के रहने वाले हैं। इनके पास रखे सोने को जब चेक किया गया तो नकली निकला। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों ने पुलिस को बताया कि, सोना दिल्ली के बाजार से खरीदा हुआ है। इनके साथ उत्तर प्रदेश के अखिलेश कुमार और दिलीप कुमार नाम के ये 2 लोग और आए हैं जो दंतेवाड़ा की तरफ गए हुए हैं। इनके बताए हुलिया के अनुसार दोनों लोगों को ढूंढने जवानों की एक टीम को दंतेवाड़ा की तरफ रवाना किया गया था। जिसके बाद कारली से दोनों को पकड़ा गया।

See also  राजनांदगांव : स्कूल टाइमिंग बदलने के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, जताई नाराजगी…

छ्त्तीसगढ़ और ओडिशा के कई शहरों में बेचा
उत्तर प्रदेश के दोनों युवकों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस को बताया कि, दिल्ली से नकली सोना खरीदकर लाए हैं। ओडिशा के कोरापुट, मैनपुर और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में अच्छे दामों में बेचा भी है। जिसके बाद अब दंतेवाड़ा के बाजार में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से करीब 71 हजार रुपए नगद समेत एक कार, नकली सोने के आभूषणों में 4 नग कंगन, 8 नग चेन, 17 नग लॉकेट, 2 नग हार, कड़ा समेत अन्य सामान बरामद किया। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *