छिंदगढ़ में जनपद स्तरीय कार्यक्रम संपन्न

सुकमा । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर संभाग की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से बस्तर पंडूम कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को जनपद स्तरीय बस्तर पंडुम-2026 का आयोजन स्वामी आत्मानंद विद्यालय छिंदगढ़ में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर 12 विभिन्न विधाओं में सांस्कृतिक, लोककलात्मक और पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में लोककला, शिल्प, रीति-रिवाज, तीज-त्योहार, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्ययंत्र, नृत्य, गीत-संगीत, नाट्यकला, पारंपरिक व्यंजन एवं पेय पदार्थों को मूल स्वरूप में प्रदर्शित किया गया। आदिवासी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य और लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कलेक्टर अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और पारंपरिक व्यंजनों का अवलोकन किया। स्थानीय हस्तशिल्प और खानपान को अतिथियों ने विशेष रूप से सराहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपिका सोरी ने कहा कि सरकार द्वारा जनजातीय संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों को जीवित रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। माड़िया पेज, लांदा, सल्फी, ताड़ी, चापड़ा चटनी जैसे पारंपरिक खाद्य एवं पेय पदार्थ हमारी प्राचीन विरासत के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम जनजातीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और स्वर्ग से सुंदर बस्तर को बचाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह आयोजन पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित किया जा रहा है। बस्तर पंडुम में समाज प्रमुखों और नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में 12 विधाओं के प्रथम पुरस्कार विजेताओं को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। अन्य प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विजयी प्रतिभागी अब जिलास्तरीय बस्तर पंडूम कार्यक्रम सुकमा में भाग लेंगे। इस अवसर पर जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर, एसडीएम प्रताप विजय खेस, तहसीलदार इरशाद अहमद, जनपद सीईओ पी.के. गुप्ता, सरपंच छिंदगढ़ सुकमती पुजारी, धुरवा समाज प्रमुख रामदेव नाग, हलवा समाज हरिराम कश्यप, मांझी प्रमुख नवल नेगी, कोया समाज मनमोहन ब्रिज, जनपद सदस्य रीना सोड़ी, मोनू, बुधराम, रघुनाथ कश्यप, सरपंच एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *