CG : बंदेपारा गांव पहुंचे विधायक विक्रम मंडावी, ग्रामीणों ने किया स्वागत…

CG : बंदेपारा गांव पहुंचे विधायक विक्रम मंडावी, ग्रामीणों ने किया स्वागत...

नक्सल प्रभावित गांवों में ग्रामीणों से हुए रूबरू

बीजापुर । जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक के दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के गांव बंदेपारा में क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। विधायक के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब 35 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पहली बार कोई क्षेत्रीय विधायक उनके गांव पहुंचा है और सीधे ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं से रूबरू हुआ है।विधायक के आगमन से ग्रामीणों की खुशी देखते ही बन रही थी। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों का कहना था कि उनके लिए सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि इतने वर्षों बाद किसी विधायक ने उनके गांव तक पहुंचकर उनकी सुध ली है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद तो है ही, लेकिन उससे भी अधिक खुशी इस बात की है कि क्षेत्र का जनप्रतिनिधि पहली बार उनके बीच पहुंचा और उनकी बातों को सुना।

अपने दौरे के दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने बंदेपारा के साथ कचलारम और कोरेनजड़ जैसे दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित गांवों का भी भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विशेष रूप से सड़क निर्माण, पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग प्रमुखता से रखी। ग्रामीणों ने बताया कि आवागमन के बेहतर साधन नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलिया का निर्माण होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकती है।

See also  मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण पर राज्य स्तरीय कार्यशाला कल

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि क्षेत्र का विकास बेहद जरूरी है और दूरस्थ गांवों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप सभी की समस्याएं हमारी भी जिम्मेदारी हैं। क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया सहित आवश्यक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द विकास की रोशनी इन दूरस्थ गांवों तक पहुंच सके।

विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विकास के मामले में किसी भी गांव को पीछे नहीं रहने दिया जाना चाहिए। शासन-प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की जरूरतों को प्रमुखता से रखा जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के मनोज यालम, उपाध्यक्ष सुनील उद्दे,चापा सुरेंद्र, सुरेश सोढ़ी, बब्बू राठी सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक के इस दौरे से बंदेपारा, कचलारम और कोरेनजड़ के ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *