Home » UP : प्रेमिका संग मिलकर पत्नी की हत्या: 50 साल के पति ने अपने हाथों से घोंटा गला, फिर शव को खेत में फेंका

UP : प्रेमिका संग मिलकर पत्नी की हत्या: 50 साल के पति ने अपने हाथों से घोंटा गला, फिर शव को खेत में फेंका

24/09/2023

पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों में बाधक बनने पर गांव सिमरिया अजीतपुर बिल्हा निवासी जशोदा देवी की उसके पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर हत्या कर दी।  शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। शनिवार दोपहर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

जशोदा देवी का मायका शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर में है। उनके भाई रामपाल की ओर से मृतका के पति पुत्तूलाल और उसकी प्रेमिका माया के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, एएसपी अनिल कुमार यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

शनिवार दोपहर को हत्या की सूचना पुलिस को दी गई थी। गांव आलमपुर निवासी रामपाल ने बताया कि उसकी बहन जशोदा देवी (45) की शादी घुंघचाई थाने के गांव सिमरिया ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा निवासी पुत्तूलाल (50) से 25 साल पहले हुई थी। आरोप है कि पुत्तूलाल के संबंध गांव की महिला से हो गए। 

गला दबाकर की पत्नी की हत्या 

जशोदा पति के अवैध संबंधों का विरोध करती थी। इसे लेकर पुत्तूलाल अक्सर जशोदा की पिटाई करता था। आरोप है कि शुक्रवार को पुत्तूलाल ने अपनी प्रेमिका माया की मदद से जशोदा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। घटना के बाद दोनों गांव से भाग गए। 

शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने खेत में जशोदा का शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। उन्होंने मृतका के मायके में सूचना दी। मृतका का भाई रामपाल मौके पर पहुंचा और पुलिस को खबर दी। एएसपी अनिल कुमार यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी की। 

घुंघचाई थाने के इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि रामपाल की ओर से पुत्तूलाल और गांव निवासी सुरेश की पत्नी माया देवी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों आरोपी फरार हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। 

Leave a comment