पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनीतिक घमासान जारी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गली में एक कार्यक्रम के दौरान सोमवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। ममता ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस सभी के नेता हैं। भाजपा नेताजी और बंगाल का अपमान कर रही है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा के पास तांडव करने के अलावा और कोई काम नहीं है। नेताजी के कार्यक्रम में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगने पर उन्होंने कहा कि मैं नेताजी के कार्यक्रम में गई थी, लेकिन उनकी हिम्मत कैसे हुई! कुछ कट्टरपंथी मुझे चिढ़ा रहे थे, वे मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने (23 जनवरी को विक्टोरिया मेमोरियल में) चिढ़ा रहे थे। अगर उन्होंने नेताजी पर नारा लगाया होता, तो मैं उन्हें सलाम करती, लेकिन नहीं! ममता ने कहा कि भाजपा ने नेताजी और बंगाल का अपमान किया।

कहा, जो टीएमसी छोड़ना चाहते हैं, जल्दी करें
मुख्यमंत्री ममता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा एक वॉशिंग मशीन है, अन्य राजनीतिक पार्टियों से चोर उनके पास भाग रहे हैं और बेदाग हो रहे हैं। कुछ ऐसे हैं, जो लालची हैं, वे भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जो लोग (भाजपा में शामिल होने के लिए) तैयार हैं, मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि जल्दी करो, छोड़ो! 

“हरे कृष्णा हरे राम, बिदाई जाओ बीजेपी वाम
ममता ने कहा, “बुजुर्ग महिलाएं गाती हैं- ‘हरे कृष्णा, हरे राम’। मैं कहती हूं – हरे कृष्णा, हरे राम, बिदाई जाओ बीजेपी वाम और  हरे कृष्णा हरे हरे, तृणमूल घोरे घोरे।”

आयत पढ़ने के वायरल वीडियो की ये है सच्चाई
उधर, इस विवाद को और हवा देते हुए बंगाल भाजपा ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में ममता बनर्जी इस्लाम से जुड़ी आयत पढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा ने ममता बनर्जी पर दोहरा व्यवहार करने का आरोप लगाया है। हालांकि, यह वीडियो सिक्के का एक पहलू भर है। पूरे वीडियो में देखा जा सकता है कि बनर्जी अन्य धर्मों की उक्तियां भी बोल रही हैं। डीडी न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार यह वीडियो असल में साल 2018 के बर्धमान जिले के माटी उत्सव का है। इसमें उन्होंने आयत के साथ श्लोक और ईसाई व सिख धर्म से संबंधित बातें भी कही थीं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *