अंबिकापुर : बेटों ने की सौतेले पिता की हत्या, गिरफ्तार

शहर से लगे ग्राम कांतिप्रकाशपुर में दो भाइयों ने सौतेले पिता की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। मृतक कल्लू बखला द्वारा खाने के लिए मछली नहीं देने और डांट कर भगा देने से नाराज पुत्रों ने घटना कारित की। पुलिस ने आरोपित विकाश उर्फ़ नन्नू बखला (20) तथा उसके नाबालिग छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कांतिप्रकाशपुर में कल्लू बखला का शव खून से लथपथ घर में ही पड़ा हुआ है। सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।जांच में पता चला कि मृतक कल्लू बखला की पत्नी की पहले मौत हो चुकी है।उसने दूसरी महिला को बतौर पत्नी साथ रखा है। उसके तीन बच्चे थे। उसकी दूसरी पत्नी इन दिनों बाहर गई हुई है।

उसके दो सौतेले बेटे एक अन्य मकान में रहते थे।दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे। रविवार को कल्लू बखला ने मछली बनाया था। बेटी के साथ उसने रात को मछली खाई थी।बेटों को उसने मछ्ली खाने नहीं दिया था। रात को जब दोनों बेटों को इस बात की जानकारी मिली तो दोनों सौतेले पिता के घर पहुंचे।

उन्होंने भी मछली खाने के लिए मांगा।पिता ने दोनों को डांट कर भगा दिया। दोनों को कथित रूप से उसने यह भी बोल दिया कि अब तुम लोग अपनी व्यवस्था खुद देखो। इससे दोनों वापस लौट आए। सौतेले पिता का यह व्यवहार उन्हें पसंद नहीं आया। देर रात दोनों फिर वहां पहुंचे। विवाद होने पर दोनों ने पिता पर धारदार हथियार से वार कर दिया। गंभीर चोट आने के कारण कल्लू बखला की मौके पर ही मौत हो गई। गांव पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों सौतेले पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित विकास उर्फ़ नन्नू बखला ने नाबालिग छोटे भाई के साथ मिलकर विवाद होने पर फावड़ा एवं टांगी से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह एवं आरोपित को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेजा गया है।

See also  राजनांदगांव : बेटे की शादी पर विवाद, दी धमकी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *