राजनांदगांव , दिवाली के पहले बाजार में व्यवस्था बनाने प्लान तैयार कर लिया गया है। अस्थायी पार्किंग से लेकर पसरा और गाड़ियों की एंट्री को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। नगर निगम ने बाजार क्षेत्र में 8 अस्थायी पार्किंग पॉइंट तय किए है। जिससे भीतरी हिस्सों में गाड़ियां व्यवस्थित रहेंगी। वहीं जाम से भी राहत मिलेगी।
चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित अलग-अलग संगठनों के व्यापारियों ने प्रशासन से बैठक कर त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्था पर चर्चा की थी। व्यापारियों ने भी पार्किंग से लेकर अन्य हिस्सों की व्यवस्था को लेकर खुद का तैयार किया हुआ प्लान प्रशासन के समक्ष रखा। सभी की सहमति के बाद नगर निगम ने अंतिम व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत शहर के बाजार क्षेत्र में 8 अस्थाई पार्किंग बनाए जा रहे हैं। जय स्तंभ चौक में लगने वाले पसरा को महावीर चौक में फ्लाईओवर के नीचे शिफ्ट किया जाएगा।
{ दुकान के अंदर रखें सामान: गुड़ाखू लाइन, जूनीहटरी, सिनेमा लाइन और हलवाई लाइन जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों के व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपना सामान दुकान की सीमा के अंदर ही रखें, ताकि रास्ते में रुकावट न आए। { पसरा शिफ्ट होगा : जयस्तंभ चौक के पास सड़क पर अस्थाई पसरा लगाने वाले फुटकर व्यापारियों को महावीर चौक फ्लाईओवर के नीचे जगह दी जाएगी। इसके लिए जगह आवंटित की जाएगी। निगम के आवक-जावक शाखा में आवेदन कर सकते हैं। {दुकानों के सामने वाहन : दुकानदार अपने ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग पाइंट में ही वाहन खड़े करने की जानकारी देंगे। इसके लिए दुकानदार व ट्रैफिक पुलिस समन्वय के साथ काम करेंगे। ताकि बाजार क्षेत्र में दुकानों के सामने जगह-जगह वाहन खड़ा न किया जाए।
^त्योहार के दौरान बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी की सहमति से प्लान तैयार किया गया है। शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था में पूरा सहयोग दें। अपनी गाड़ियां तयशुदा पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें। दुकानें भी निर्धारित जगहों पर ही लगाएं। जीआर मरकाम, आयुक्त नगर निगम
प्रशासन द्वारा तैयार प्लान को त्योहार से पहले ही सख्ती से लागू किया जाएगा। इसके पहले बाजार क्षेत्र में मौजूद दुकानदारों, पसरा वालों सहित पार्किंग पॉइंट को लेकर समझाइश भी होगी। इसके बाद भी अनदेखी या मनमानी करने वालों पर सीधे कार्रवाई की तैयारी की गई है। ट्रैफिक पुलिस की टीम नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर पार्किंग व्यवस्था बनाने में जुटेगी। अफसर दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश देने पहुंचेंगे।
व्यापारियों का पक्ष था कि ई-रिक्शा की एंट्री पूरी तरह बैन कर देने से ग्राहकों को बाजार क्षेत्र में आने में दिक्कत होती है। इसे देखते हुए भीतरी हिस्से में ई-रिक्शा की एंट्री की सुविधा रखी गई है। हालांकि ई-रिक्शा के लिए वन-वे जैसा रूट तय किया जाएगा। बाजार में भीड़ बढ़ने के साथ ई-रिक्शा इसी रूट से दाखिल होंगे और बाहर निकलेंगे। इससे ग्राहक इस सुविधा के माध्यम से बाजार क्षेत्र में आ सकेंगे। हमेशा की तरह लगने वाले जाम को रोकने प्लानिंग किए हैं।






Leave a Reply