रायपुर : छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए प्रदेश के दस प्रमुख नगर निगमों के सीमा विस्तार की कवायद शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर सहित दस शहरों के आसपास बसे ग्रामीण इलाकों को नगरीय क्षेत्र में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने संबंधित नगर निगमों से सीमावर्ती ग्राम पंचायतों और उनकी जनसंख्या की जानकारी तलब की है। प्रस्तावित विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी स्तर की नागरिक सुविधाओं के विकास का रास्ता खुलेगा। खास बात यह है कि नए क्षेत्रों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने पर केंद्र सरकार की ओर से आबादी के हिसाब से प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये का अनुदान मिलने का प्रावधान है।
रायपुर से जगदलपुर तक बदलेगा शहरों का भूगोल नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली नगर निगमों को पत्र जारी किया है। इन निकायों से शहर की सीमा से लगे गांवों और ग्राम पंचायतों का विस्तृत विवरण मांगा गया है। इसके साथ ही वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रदेश में नगरीय सीमाओं के विस्तार की यह पहल 16वें वित्त आयोग के शहरीकरण प्रीमियम घटक से जुड़ी है। वित्त आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की पांच वर्षीय अवधि के लिए इस मद में दस हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस राशि के माध्यम से बड़े शहरों से जुड़ने वाले ग्रामीण इलाकों में आवश्यक शहरी अधोसंरचना विकसित करने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया जाएगा। योजना के तहत नगरीय सीमा में शामिल होने वाले क्षेत्रों की वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार आबादी को अनुदान निर्धारण का आधार बनाया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से दो हजार रुपये की राशि मिलने का प्रावधान है। हालांकि, यह पैसा सीधे ग्रामीणों के बैंक खातों में नहीं आएगा, बल्कि संबंधित क्षेत्रों के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
वित्त आयोग की ओर से निर्धारित पात्रता के अनुसार यह योजना ऐसे नगरीय निकायों के आसपास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों के लिए है, जिनकी आबादी कम से कम एक लाख है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार को ग्रामीण इलाकों के शहरी क्षेत्रों में परिवर्तन से संबंधित स्पष्ट नीति तैयार करनी होगी। इसमें गांवों के चयन से लेकर उनके नगरीय निकायों में विलय और चरणबद्ध विकास की प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। गांवों में सड़क, पानी और रोजगार के खुलेंगे नए रास्ते
शहरों से जुड़े पात्र ग्रामीण क्षेत्रों की पहचान प्रत्येक जनगणना के बाद और अधिकतम तीन वर्ष के अंतराल पर करने की व्यवस्था रहेगी। किसी गांव को नगर निगम की सीमा में शामिल करने से पहले संबंधित निकाय की आर्थिक स्थिति, मानव संसाधन, उपलब्ध नागरिक सुविधाओं और बुनियादी अधोसंरचना का आकलन करना होगा। इसके माध्यम से यह देखा जाएगा कि नए क्षेत्रों को शामिल करने के बाद नगर निगम पर कितनी अतिरिक्त जिम्मेदारी आएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के नगरीय निकायों में शामिल होने के बाद वहां संपत्तिकर और विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े उपयोगकर्ता शुल्क लागू करने की योजना भी तैयार करनी होगी। इन व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से प्रभावी करने का खाका बनाया जाएगा। केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार को पहले ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में परिवर्तन की नीति तैयार करनी होगी। इसके बाद संबंधित गांवों के विलय की अधिसूचना जारी की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर केंद्र सरकार को अनुदान के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। अनुदान के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। प्राप्त राशि नए क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर खर्च की जा सकेगी। कर्मचारियों के वेतन और स्थापना संबंधी व्यय में इस राशि का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। योजना को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक को समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है। इसमें मुख्य अभियंता, संयुक्त संचालक, राज्य शहरी विकास अभिकरण के अधीक्षण अभियंता और उप संचालक (विविध शाखा) को सदस्य बनाया गया है। कार्यपालन अभियंता समिति के सदस्य सचिव होंगे। यह समिति पात्र गांवों और नगरीय निकायों के चयन, योजना के क्रियान्वयन तथा केंद्रीय अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया की निगरानी करेगी। रोजगार के नए अवसर की संभावना ग्रामीण इलाकों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने से वहां योजनाबद्ध विकास को गति मिलने की उम्मीद है। अनियोजित शहरी फैलाव को नियंत्रित करने के साथ स्वच्छ पेयजल, आधुनिक कचरा प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा सकेगा। सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों का शहरी केंद्रों के साथ संपर्क बेहतर हो सकता है। इसके अलावा औद्योगिक गतिविधियों, सेवा क्षेत्र और स्टार्टअप के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। भूमि उपयोग संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार से संपत्तियों के आर्थिक मूल्य में वृद्धि हो सकती है। स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक शिक्षण संस्थानों और डिजिटल सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होने की भी उम्मीद जताई गई है। फिलहाल नगरीय प्रशासन विभाग ने संबंधित नगर निगमों से आवश्यक जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है। किन गांवों को नगर निगम की सीमा में शामिल किया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय निर्धारित प्रक्रिया और अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा। इन 10 नगर निगमों के विस्तार की तैयारी 1 रायपुर 2 भिलाई 3 बिलासपुर 4 कोरबा 5 दुर्ग 6 रायगढ़ 7 राजनांदगांव 8 जगदलपुर 9 अंबिकापुर प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये का अनुदान वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर संबंधित गांव की आबादी के हिसाब से अनुदान निर्धारित होगा। प्रति व्यक्ति 2,000 रुपये का अनुदान ग्रामीणों को सीधे नहीं मिलेगा। यह राशि नगर निगम की सीमा में नए शामिल होने वाले गांवों के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। उदाहरण के लिए- गांव की आबादी 1,000 और विकास के लिए मिलने वाला अनुदान 1,000 20 लाख रुपये। गांव की आबादी 5,000 विकास के लिए मिलने वाला अनुदान 1 करोड़ रुपये। गांव की आबादी 10,000 विकास के लिए मिलने वाला अनुदान 2 करोड़ रुपये। गांव की आबादी 50,000 विकास के लिए मिलने वाला अनुदान 10 करोड़ रुपये। इस राशि का उपयोग कहां होगा? – स्वच्छ पेयजल और नल कनेक्शन की व्यवस्था। – सड़क एवं नाली निर्माण। – आधुनिक कचरा प्रबंधन। – स्ट्रीट लाइट लगाने में। – जल निकासी व्यवस्था के विकास में। – शहरी बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में। यह राशि कर्मचारियों के वेतन और स्थापना संबंधी खर्च में इस्तेमाल नहीं की जा सकेगी।







Leave a Reply